अलग अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत तीन घायल 

Spread the love

पुलिस अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी 

अहरौरा, मिर्जापुर/ शुक्रवार का दिन अहरौरा क्षेत्र के लिए ब्लैक फ्राइडे का दिन बन गया दिन में हुई दुर्घटना में जहां पुरा पुलिस का अमला देर रात तक परेशान रहा वही देर शाम आठ बजे के बाद अलग अलग स्थानों पर अज्ञात वाहनों से हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए।

पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण को भेज दिया वही घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेन्टर वाराणसी रेफर किया गया। प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया की शाम लगभग आठ बजे वाराणसी शक्ति मार्ग के कुदारन चौराहे से पौनी बैरियर जाने वाले रास्ते पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान ग्राम दाखवा दुलहीपुर मुगलसराय चंदौली निवासी 30 वर्षीय गोविन्द कुमार बिंद पुत्र रामआसरे बिंद के रूप में हुई। बताया जाता हैं की गोविंद अपनी रिश्तेदारी में कुदारन क्षेत्र में आया हुआ था की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। शव को शनिवार को अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया।

दूसरी घटना रात में ही लगभग नौ बजे वाराणसी शक्ति नगर रोड पर मुजडीह गांव के सामने स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुई जहां अपने घर मोहिद्दीनपुर अहरौरा से बाइक से अल्हुवा पहाड़ी के पास स्थित एक कटर प्लांट पर रात में काम करने जा रहे 39 वर्षीय युवक राजेश सिंह उर्फ करनैल सिंह पुत्र रामआसरे सिंह की मौत एम्बुलेंस की चपेट में आने से हो गई।

बताया जाता की राजेश की बाइक अचानक रोड पर सड़क क्रास करते समय बंद हो गई और उसी समय सोनभद्र से वाराणसी की तरफ जा रहीं एम्बुलेंस की चपेट में आ गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण को भेज दिया। तीसरी घटना रात में लगभग आठ बजे वाराणसी शक्ति नगर रोड पर स्थित महुली चौराहे पर हुई जहां बाइक सवार तीन युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया की सैयदराजा चंदौली निवासी तीनों युवक 25 वर्षीय सत्या बिंद पुत्र श्रवण बिंद,26 वर्षीय आजाद कुमार बिंद पुत्र जयप्रकाश व 28 वर्षीय आनंद कुमार बिंद पुत्र महातिम बिंद एक ही बाइक से सैयदराजा से दोस्त की शादी में शरीक होने के लिए सुकृत जा रहे थे। पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अहरौरा लाया जहां से चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेन्टर वाराणसी रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *