महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल ने प्रेस को किया संबोधित
हाजीपुर । डिम्पी गर्ग, महाप्रबंधक, पूर्व मध्य रेल ने 21.09.2026 को पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संवाददाता को संबोधित किया । संवाददाता सम्मेलन में महाप्रबंधक महोदय द्वारा पितृपक्ष मेला एवं आगामी त्योहारों के अवसर पर पूर्व मध्य रेल द्वारा यात्रियों की सहुलियत के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों का विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी । उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न शहरों से आने वाले एवं त्योहार के उपरांत वापस जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा । प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के ठहरने हेतु होल्डिंग एरिया का निर्माण किया जाएगा जहां पीने की पानी की व्यवस्था, ट्रेनों की एनाउनसमेंट की व्यवस्था, मेडिकल बूथ सहित अन्य यात्री सुविधाएं उपलब्ध होंगे । स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने हेतु एक वार रूम बनाया जाएगा जहां से 24गुणा 7 स्टेशनों की निगरानी की जा सकेगी । साथ ही स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल की अतिरिक्त टुकड़ियां लगायी जाएगी । प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज एवं सर्कुलेटिंग एरिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी । यात्री सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए निरंतर चौकसी बरती जाएगी । अधिक भीड़ वाली लंबी दूरी की ट्रेनों की सामान्य बोगियों में यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से चढ़ाने की व्यवस्था हेतु रेलवे सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों तैनाती की जाएगी ।
उन्होंने पूर्व मध्य रेल में चल रहे कुछ प्रमुख निर्माण परियोजनाओं की जानकारी साझा की जो निकट भविष्य में पूर्ण होने वाली है। उन्होंने मोकामा में गंगा नदी पर नवनिर्मित नए पुल पर चर्चा करते हुए कहा कि इस पुल के चालू हो जाने से उत्तरी बिहार और दक्षिणी बिहार को रेल मार्ग से जोड़ने में एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध हो जाएगा जिससे रेल परिचालन में काफी सुविधा होगी । इस पुल को चालू करने हेतु आज से एनआई कार्य प्रारंभ हो गया है जो 04 अक्टूबर तक चलेगा । इसके साथ ही भालगपुर के पास गंगा नदी पर बिक्रमशिला और कटरिया के मध्य एक और नया रेल पुल का निर्माण किया जाना है । इसकी स्वीकृति अगस्त, 2024 में रूपए 2171.34 करोड़ की लागत से की गयी है । इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य अगस्त, 2031 रखा गया है ।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय जं.-झाझा के मध्य लगभग 400 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी रेल लाईन का निर्माण किया जाना है जिसमें वर्तमान में डीडीयू से किउल तक तीसरी और चौथी रेल लाईन जबकि किउल से झाझा तक तीसरी रेल लाईन का निर्माण किया जाना है। इस पूरी परियोजना को डीडीयू-दानापुर, दानापुर-फतुहा, फतुहा-बख्तियारपुर, बख्तियारपुर-पुनारख, पुनारख-किऊल तथा किऊल-झाझा जैसे छोटे-छोटे रेलखंडों में बांटा गया है । इसके साथ ही स्टेशनों के विकास हेतु पूरे भारतीय रेल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पूर्व मध्य रेल के 97 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें चंदौली मझवार, दौरम मधेपुरा, बनमनखी, गोमो, कतरासगढ स्टेशनों का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है जबक़ि नवंबर तक सलौना, सुपौल, लक्खीसराय आदि स्टेशनों कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
