वेकोलि की 7 खदानों को मिला 5-स्टार रेटिंग: कोयला उद्योग में सर्वाधिक…

Spread the love

“हमारी खदानों को देश में सर्वाधिक 5-स्टार रेटिंग प्राप्त होना वेकोलि के लिए अत्यंत गर्व का विषय – डॉ. हेमंत शरद पांडे

नागपुर । वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा जारी स्टार रेटिंग मूल्यांकन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश की सभी कोयला कंपनियों में सर्वाधिक 7 खदानों के लिए प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग अर्जित की है। यह उपलब्धि सुरक्षित, वैज्ञानिक, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत् खनन के क्षेत्र में वेकोलि की उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति तथा सर्वोच्च मानकों के प्रति वेकोलि की दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचायक है।

वेकोलि नागपुर क्षेत्र की पाटणसावंगी भूमिगत खदान, चंद्रपुर क्षेत्र की नांदगांव इंक्लाइन भूमिगत खदान, नागपुर क्षेत्र की सावनेर माइंस क्रमांक-1 भूमिगत खदान एवं सावनेर माइंस क्रमांक-2 भूमिगत खदान, उमरेड क्षेत्र की मकरधोकड़ा-1 ओपनकास्ट खदान तथा दिनेश/एमकेडी-III ओपनकास्ट खदान, और वणी क्षेत्र की मुंगोली ओपनकास्ट खदान को कोयला मंत्रालय द्वारा प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। इसी मूल्यांकन में वेकोलि की 25 खदानों को 4-स्टार रेटिंग तथा 15 खदानों को 3-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सभी बधाई देते हुए वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा, “हमारी खदानों को देश में सर्वाधिक 5-स्टार रेटिंग प्राप्त होना वेकोलि के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह उपलब्धि हमारे कर्मचारियों, अधिकारियों तथा सभी हितधारकों की सामूहिक निष्ठा, कठोर परिश्रम और पेशेवर उत्कृष्टता का प्रतिफल है। वेकोलि में सुरक्षित एवं उत्तरदायी खनन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यह सम्मान सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और परिचालन उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के हमारे सतत प्रयासों की पुष्टि करता है। भविष्य में भी हम आधुनिक तकनीकों, नवाचारों तथा सतत् खनन पद्धतियों को अपनाते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा में अपना योगदान देते रहेंगे।”

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली कोयला एवं लिग्नाइट खदानों के समग्र प्रदर्शन का मूल्यांकन करने हेतु विकसित एक व्यापक प्रणाली है। इसके अंतर्गत वैज्ञानिक एवं सुरक्षित खनन, पर्यावरण प्रबंधन, भूमि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, आधुनिक तकनीकों का उपयोग, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा परिचालन दक्षता जैसे महत्वपूर्ण मानकों पर खदानों का आकलन किया जाता है। यह रेटिंग प्रणाली उत्तरदायी खनन को प्रोत्साहित करने तथा कोयला क्षेत्र में सतत सुधार को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मानक के रूप में कार्य करती है।

5-स्टार रेटिंग प्राप्त वेकोलि की सातों खदानों ने इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विशेष रूप से सुरक्षित खनन संचालन, पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के कुशल प्रबंधन, आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग तथा कर्मचारियों के कल्याण के क्षेत्र में इन खदानों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यह सफलता सुरक्षा, परिचालन उत्कृष्टता तथा पर्यावरणीय एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के उच्चतम मानकों को बनाए रखने की दिशा में वेकोलि के सतत प्रयासों का प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *