एनएमएल पकरी बरवाडीह ने दो विद्यालयों में लगाए 5 किलोवाट के सौर ऊर्जा संयंत्र

Spread the love

हजारीबाग। सतत विकास और सामुदायिक कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए एनएमएल पकरी बरवाडीह कोल माइनिंग परियोजना ने अपनी सीडी-सीएसआर पहल के तहत मध्य विद्यालय, महटीकरा तथा उच्च विद्यालय, सिकरी में 5-5 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए हैं। नवनिर्मित सौर ऊर्जा संयंत्रों का उद्घाटन महाप्रबंधक (इन्फ्रा) पवन कुमार रावत ने विद्यालय प्रतिनिधियों एवं परियोजना के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इन सौर ऊर्जा संयंत्रों के संचालन से दोनों विद्यालयों को स्वच्छ, विश्वसनीय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। इससे कक्षाओं में पंखे, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक विद्युत उपकरणों का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा। विशेषकर गर्मी के मौसम और बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बेहतर अध्ययन एवं शिक्षण वातावरण मिलेगा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पवन कुमार रावत ने कहा कि एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अवसंरचना विकसित कर शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी की सीएसआर गतिविधियों का उद्देश्य स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।परियोजना प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार की पहलें क्षेत्र में हरित ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा और स्थानीय समुदाय को भी सतत विकास का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *