नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में 01 नवंबर, 2026 को कोल इंडिया लिमिटेड का 52वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ वेकोलि मुख्यालय में स्थापना दिवस रैली के साथ हुआ। बिक्रम घोष, निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन), संदीप परांजपे, निदेशक (तकनीकी-संचालन) तथा अजय मधुकर म्हेत्रे, मुख्य सतर्कता अधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके पश्चात बिक्रम घोष ने कोल इंडिया का ध्वज फहराया तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अपने संबोधन में बिक्रम घोष ने सभी को कोल इंडिया के स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आर्थिक विकास को गति प्रदान करने में कोल इंडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
वेकोलि के प्रदर्शन की जानकारी देते हुए घोष ने बताया कि 31 अक्टूबर 2026 तक कंपनी ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। कंपनी का कोयला उत्पादन 32.96 मिलियन टन तक पहुँच गया है, जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 15.9% अधिक है। इसी प्रकार, ओवरबर्डन रिमूवल (ओबीआर) 207.97 मिलियन घन मीटर दर्ज किया गया, जो गत वर्ष की तुलना में 35.7 % अधिक है। इस दौरान कोयला ऑफटेक 41.58 मिलियन टन हुआ है, जो गत वर्ष की तुलना में 25.6% अधिक है। उन्होंने अप्रैल से सितंबर 2026 की अवधि में वेकोलि के सशक्त वित्तीय प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान कंपनी ने ₹1,352.26 करोड़ का कर-पूर्व लाभ (Profit Before Tax) अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 76.29% अधिक है।
श्री घोष ने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए वेकोलि की सात खदानों को 5-स्टार तथा 25 खदानों को फोर-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है, जो कोल इंडिया के सभी अनुषंगी कंपनियों में सर्वाधिक है। उन्होंने खनन कार्यों में सुरक्षा, उत्कृष्ट परिचालन मानकों एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने माजरी क्षेत्र में प्रस्तावित कोल-टू-सिंथेटिक नेचुरल गैस (SNG) परियोजना, दुर्लभ मृदा तत्वों (Rare Earth Elements) की खोज तथा सौर ऊर्जा क्षमता के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कंपनी की विविधीकरण संबंधी पहलों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR), पर्यावरण संरक्षण एवं नवाचार के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने टीम वेकोलि से परिचालन उत्कृष्टता, तकनीकी नवाचार और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री संदीप परांजपे, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे, संचालन समिति तथा कल्याण मंडल के सदस्य गण, महाप्रबंधक गण, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, करमचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
