सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में सतर्कता जागरूकता अभियान-2025 का शुभारंभ

Spread the love

राँची, । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में आज सतर्कता जागरूकता अभियान-2025 का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक  निलेंदु कुमार सिंह ने की। यह अभियान 18 अगस्त से 17 नवंबर 2025 तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन)  हर्ष नाथ मिश्र, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार, विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।  कार्यक्रम में क्षेत्रीय महाप्रबंधकगण भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़े रहे।

अपने संबोधन में सीएमडी  निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि सतर्कता केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हमारी कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं।

अभियान के दौरान संगठन लंबित शिकायतों और मामलों का त्वरित निपटान, कर्मचारियों के क्षमता निर्माण हेतु विशेष कार्यक्रम, परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने वाली डिजिटल पहलें जैसे प्रमुख फोकस क्षेत्रों पर कार्य करेगा। इसके साथ ही सीसीएल विभिन्न जागरूकता और सामाजिक गतिविधियाँ भी आयोजित करेगा, जिनमें विद्यालयों और महाविद्यालयों में आउटरीच कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान, क्षमता निर्माण कार्यशालाएँ,  डिजिटल नवाचार पहलें, खेलकूद प्रतियोगिताएँ तथा हितधारकों के साथ संगोष्ठियाँ एवं कार्यशालाएँ शामिल हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ईमानदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए ‘ सत्यनिष्ठा का प्रण ‘ भी लिया।  यह अभियान संगठन में सतर्कता की संस्कृति को और सुदृढ़ करेगा तथा सामाजिक सरोकारों एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *