लटकते बिजली के तार की चपेट में आने से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल 

Spread the love

,  भैंस की मौत के बाद भी नहीं चेता बिजली विभाग

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत जैत में रविवार को जमीन से कुछ ही ऊंचाई पर लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आने से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रामबली पुत्र राम अवतार और अमरेश कुमार पुत्र राजेंद्र के रूप में हुई है। दोनों का उपचार जिला अस्पताल लोढ़ी में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार दोनों ग्रामीण मवेशियों के लिए घास काटने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में लटक रहे बिजली के तार की चपेट में आ गए। साथ मौजूद लोगों ने सूखे डंडे की मदद से तार को हटाकर दोनों को बचाया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण लंबे समय से पोल और तार खतरनाक स्थिति में लटक रहे हैं। करीब 15 दिन पहले इसी स्थान पर रमेश यादव के पुत्र बाड़े की भैंस भी बिजली के तार और पोल की चपेट में आकर मर गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि उस घटना के बाद भी विभाग ने तार-पोल दुरुस्त नहीं कराया, जिसका नतीजा रविवार को दो ग्रामीणों के घायल होने के रूप में सामने आया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने, जिम्मेदारों पर कार्रवाई, घायलों के समुचित उपचार और मृत भैंस का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *