सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के संविदा एवं सामग्री विभाग तथा एमएसएमई डीएफओ, इंदौर के संयुक्त तत्वाधान में 24 एवं 25 सितंबर 2026 को एनटीपीसी वीवा क्लब, विंध्याचल में दो दिवसीय एमएसएमई वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की भागीदारी को बढ़ावा देना तथा एमएसएमई एवं सार्वजनिक उपक्रमों के बीच साझेदारी को सुदृढ़ करना था।

कार्यक्रम में एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), एनटीपीसी विंध्याचल सहित एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी तथा डीआईसीसीआई एवं एससीसीआई के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों एवं संगठनों द्वारा कुल 15 स्टॉल लगाए गए। इनमें एनसीएल, बीएचईएल, सिपेट, बीआईएस, आरएक्सआईएल, बीएसएनएल, इंडिया पोस्ट तथा एवीएनएल जबलपुर सहित अन्य संगठनों ने सहभागिता की। इन स्टॉलों के माध्यम से एमएसएमई प्रतिनिधियों को विभिन्न संगठनों की खरीद प्रक्रियाओं, आवश्यकताओं, प्रक्रियात्मक दिशा-निर्देशों तथा संभावित व्यावसायिक सहयोग के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

इस अवसर पर एम. सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया तथा प्रतिभागी संगठनों के प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में एमएसएमई प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों को रखा, जिनका समाधान किया गया। यह कार्यक्रम एमएसएमई इकाइयों को सार्वजनिक उपक्रमों की खरीद प्रक्रिया से परिचित कराने, व्यावसायिक अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा एमएसएमई एवं पीएसयू के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
