64 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
प्रयागराज । भारतीय रेल रेलपथ मशीन प्रशिक्षण केंद्र, प्रयागराज में आज सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन इलाहाबाद नर्सिंग होम एसोसिएशन के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ।शिविर का शुभारंभ केंद्र के प्रधानाचार्य श्री सीताराम प्रजापति ने स्वयं पहला रक्तदान करके किया। उनकी इस प्रेरणादायी पहल से केंद्र के अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं में खासा उत्साह देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 64 लोगों ने बढ़-चढ़कर स्वैच्छिक रक्तदान किया।
इस अवसर पर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए प्रधानाचार्य श्री सीताराम प्रजापति ने कहा, “रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा और महादान है। इसके माध्यम से हम असमय संकट में पड़े किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने शिविर को सफल बनाने के लिए सभी रक्तदाताओं तथा इलाहाबाद नर्सिंग होम एसोसिएशन की पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों को रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों और मानव जीवन में इसकी महत्ता के प्रति जागरूक भी किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षुओं की इस निष्ठापूर्ण सहभागिता ने सामाजिक कर्तव्यों के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
