’एनसीएल में सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर ‘त्रैमासिक सतर्कता अभियान’ का  हुआ शुभारंभ’

Spread the love

सिंगरौली, सोनभद्र। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने केंद्रीय सतर्कता आयोग के दिशा निर्देशन में आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में निवारक सतर्कता हेतु “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” थीम पर  ‘त्रैमासिक सतर्कता अभियान’ का शुभारंभ किया। एनसीएल द्वारा यह अभियान 17 अगस्त, 2026 से 16 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।एनसीएल मुख्यालय में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम (वीसी के माध्यम से), निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, एनसीएल की परियोजनाओं एवं इकाइयों से महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
श्री साईराम ने वीसी के माध्यम से जुड़कर कहा कि अभियान की थीम केवल सतर्कता संबंधी कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे दैनिक संगठनात्मक कार्यप्रणाली में भी अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निवारक सतर्कता के लिए विशेषकर युवा अधिकारियों को प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों से अवगत कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सतर्कता अब भय की अवधारणा से आगे बढ़कर प्रणालियों में सुधार, बेहतर कार्यप्रणाली एवं उत्पादकता बढ़ाने का माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कार्यों के समयबद्ध निस्तारण तथा कार्यस्थल पर कर्तव्य के प्रति पूर्ण समर्पण का आह्वान करते हुए अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।इससे पूर्व, एनसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल ने सभी का स्वागत करते हुए अभियान की थीम की प्रासंगिकता एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने अभियान के पांच प्रमुख फोकस क्षेत्रों की जानकारी साझा करते हुए पारदर्शी एवं सुदृढ़ कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सतर्कता पहलों, सुधारात्मक प्रयासों तथा आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की।
अभियान के तहत एनसीएल पांच प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दे रही है जिसमें शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, सतर्कता मामलों की प्रभावी निगरानी, क्षमता निर्माण के तहत साइबर सुरक्षा, सार्वजनिक खरीद, जेम, कन्डक्ट रूल पर जागरूकता, डिजिटल पारदर्शिता, और अनुबंधों का समयबद्ध समापन सम्मिलित है।कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात सीएमडी एनसीएल द्वारा उपस्थित कर्मियों सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई । कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक (सतर्कता) कमलेश बनसोड द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।गौरतलब है कि इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर, 2026 तक “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” की थीम के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *