चन्दौली। कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली द्वारा कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
खेत बचाओ अभियान एवं विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत आज ग्राम टीरो, ब्लॉक-सदर, जनपद चंदौली में कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली, उर्वरक मंत्रालय तथा हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) के संयुक्त तत्वावधान में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में किसानों को “उर्वरक की पाठशाला” के अंतर्गत संतुलित उर्वरक प्रयोग, रासायनिक उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, नवीन वैज्ञानिक खेती तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी ने मृदा स्वास्थ्य सुधार, किसान उत्पादक संगठन (FPO), जैविक खेती, प्राकृतिक खेती तथा कृषि क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
डॉ. मनीष सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा पेड़-पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित किया।
डॉ. अभय दीप गौतम ने गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, बीज शोधन, मृदा शोधन तथा धान की फसल में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों के वैज्ञानिक प्रबंधन के विषय में जानकारी दी।
कार्यक्रम में उर्वरक मंत्रालय से श्री सतुघ्न एवं श्री गौरव पांडेय, तथा हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड से श्री शशि प्रकाश द्विवेदी एवं श्री रोहित सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर कृषि संबंधी नवीन तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
