नदियों में गंदगी और राखड़ गिराने पर लगेगी रोक, होगा स्थलीय निरीक्षण – मंत्री, हंसराज विश्वकर्मा

Spread the love

प्रभारी मंत्री बोले, सोनभद्र की प्रमुख सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, समस्याओं का हर हाल में समाधान

सोनभद्र। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यमंत्री एवं सोनभद्र के प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि जिले की नदियों और जलाशयों में गंदगी व राखड़ गिराने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। ओबरा के चकाड़ी स्थित रेणुका नदी सहित अनपरा-शक्तिनगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा और प्रदूषण रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
रविवार को पत्रकारों से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि औद्योगिक एवं खनन गतिविधियों के कारण सोनभद्र में पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियां हैं। नदियों और जलाशयों को प्रदूषण से बचाने के लिए समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बारिश के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। जिले की प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ बकरिहवा और शक्तिनगर मार्गों की स्थिति में सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार जिले की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और हर हाल में उनका निस्तारण कराया जाएगा। इससे पहले मंत्री ने सुजीत अग्रहरि के आवास पहुंचकर उनके बड़े भाई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *