पीडब्ल्यूडी की लापरवाही के खिलाफ बघाडू के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बीच सड़क पर कर दी धान की रोपाई

Spread the love

दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत दुद्धी-अमवार मुख्य मार्ग पर स्थित बघाडू लैम्पस के पास लोक निर्माण विभाग की घोर लापरवाही का एक अनोखा मामला सामने आया है। लंबे समय से जर्जर और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी यह मुख्य सड़क इस समय पूरी तरह से एक तालाब का रूप ले चुकी है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के उदासीन रवैये से तंग आकर आज स्थानीय ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच खड़े होकर प्रदर्शन किया और विरोध स्वरूप वहां धान की रोपाई कर दी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बारिश शुरू होते ही इस महत्वपूर्ण मार्ग पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढों में कई फीट पानी जमा हो जाता है, जिससे आए दिन बाइक सवार और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग से होकर गुजरने वाले स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को प्रतिदिन भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। लैम्पस के पास मुख्य सड़क पर जलभराव के चलते व्यापारियों और किसानों का व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मौके पर विरोध जता रहे ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर विभाग के आलाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला गया। चुनाव के समय लंबे-चैड़े वादे करने वाले नेता भी चुनाव बीतने के बाद इस ओर मुड़कर नहीं देखते। अधिकारियों की इसी अनदेखी और कुंभकर्णी नींद को तोड़ने के लिए ग्रामीणों को सड़क पर धान रोपने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि यदि इस मुख्य मार्ग को तत्काल गड्ढामुक्त कर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे सभी मिलकर आने वाले दिनों में चक्का जाम करेंगे और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अनोखे प्रदर्शन के दौरान गांव के दर्जनों युवा, बुजुर्ग और सम्मानित नागरिक एकजुट रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *