अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया ईद-ए-मिलादुन्नबी का पर्व

Spread the love

निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी

अहरौरा, मिर्जापुर । नगर पालिका क्षेत्र अहरौरा सहित आसपास के गांवों में  बुधवार को पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश (जन्मदिन) के मौके पर नगर में ईद-ए-मिलादुन्नबी बारह वफात का पर्व पूरे अकीदत अमन और भाईचारे के साथ मनाया गया।  इस अवसर पर विभिन्न मुस्लिम संगठनों और अंजुमनों द्वारा नगर के मुख्य मार्गों से भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में शामिल लोग नात शरीफ पढ़ते हुए और ‘लबैक या रसूलुल्लाह’ के नारों के साथ चल रहे थे।  मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया और सबील लगाकर लंगर, फल व शरबत का वितरण किया गया।

इस मौके पर उलेमा-ए-इकराम ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत (जीवन और शिक्षाओं) पर रोशनी डालते हुए कहा कि उनका जीवन पूरी इंसानियत के लिए रहमत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश है। सुबह की नमाज के बाद से ही मस्जिदों और दरगाहों पर इबादत का दौर शुरू हुआ। नगर की मस्जिदों, खानकाहों और प्रमुख इमारतों को हरी झंडियों, लाइटों और तोरण द्वारों से आकर्षक रूप से सजाया गया । लोगों ने अपने घरों में कुरान ख्वानी, फातिहा और नात-ए-पाक की महफिलें सजाकर अमन व सलामती की दुआ मांगी।

जुलूस का आगाज बुढादेई मैदान   जामा मस्जिद से होते हुए नगर के प्रमुख रास्तों नई बाजार,सत्यानगऺज,टिकरा खरंजा, तकिया डोमान,पटवा टोला, चौक बाजार, नाऺहकशाह चौक, कसरहटॖटी बाजार होते हुए बूढ़ादेई मैदान में पहुंचा जहां समापन किया गया । जुलूस नेतृत्व  मौलाना अंसार उल हक के द्वारा किया गया। इस दौरान साकिर खान हाफिज रोशन, मुमताज अहमद, मोo आजाद ,इरशाद आलम, मोo सलीम, मोo शमीम , डॉक्टर मोo इस्लाम, महबूब कुरैशी, रिजवान अहमद, मोo अजीम, अशरफ अली, आलम अली, मोo सफीक, इनामुल हसन ,अब्दुल समद, मोo शाहिद, इरफान टेलर, डॉक्टर खान सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *