चन्दौली। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान दिवस एवं सिंचाई बन्धु की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने नहरों की सफाई, फसल बीमा और मुआवजा समेत कई गंभीर मुद्दे उठाए, जिस पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बैठक में रतन सिंह, बलदाऊ सिंह, मुन्ना सिंह और पारसनाथ विश्वकर्मा जैसे प्रगतिशील किसानों ने निम्नलिखित प्रमुख समस्याएं रखीं समस्त नहरों और ड्रेन की सिल्ट सफाई और साफ-सफाई की मांग। बन्धियों में मत्स्य पालन के नाम पर हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा। विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि का उचित सर्किट रेट दिलाने की मांग। बाढ़ से नष्ट हुई फसलों की क्षतिपूर्ति तथा जंगली जानवरों द्वारा फसलों को पहुँचाए जा रहे नुकसान का मुआवजा। फसल बीमा के लिए टोल-फ्री नंबर-14447 पर समाधान न मिलने और विकास खंड-शहावगंज में तहसील कर्मियों द्वारा सर्वे न किए जाने की शिकायत। धान क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, रबी फसलों के लिए उर्वरक की उपलब्धता और बिजली के करंट से मृत्यु होने पर मिलने वाले मुआवजे का मामला।
मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने सभी धान क्रय केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के वास्ते निगरानी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी जनपदीय अधिकारियों को किसान दिवस में उठाई गई समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर त्वरित निस्तारण करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने जानकारी दी कि नीति आयोग के तहत जनपद के पशुपालन विभाग को दो अल्ट्रासाउंड मशीन और कृषि विभाग को तीन डी.एस.आर. मशीन कृषकों को उपलब्ध कराई जाएंगी। सिंचाई विभाग के समस्त अधिशासी अभियंता को नहरों की रीमॉडेलिंग हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे समस्याओं का मौके पर जाकर निस्तारण करें और अगली बैठक में अपनी रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहें।
