जिलाधिकारी ने क्राप कटिंग कर फसल उत्पादन का आकलन किया

Spread the love

सोनभद्र। किसानों के श्रम और खेती-किसानी के प्रति सम्मान का संदेश देने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ बुधवार को खुद खेत में उतर गए। राबर्ट्सगंज तहसील के बिच्छी गांव में कृषक राजू कुमार मौर्य के खेत में उन्होंने हसिया चलाकर धान की कटाई की और क्रॉप कटिंग प्रक्रिया में सहभागिता करते हुए फसल उत्पादन का आकलन किया। क्रॉप कटिंग के लिए खेत में 0.0043 हेक्टेयर (43.3 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल का चयन किया गया था। निर्धारित क्षेत्र में धान की कटाई के बाद उपज का वजन कराया गया, जिसमें कुल 21.880 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया को करीब से समझने के साथ किसान के साथ खुद फसल काटकर कृषि कार्यों के प्रति जुड़ाव प्रदर्शित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि फसल कटाई के बाद खेतों में पराली न जलाएं। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है। किसान पराली के उचित प्रबंधन के विकल्प अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। पराली जलाने पर शासन के प्रावधानों के तहत जुर्माना भी लगाया जा सकता है। उन्होंने किसानों से यह भी आग्रह किया कि जिनके पास आवश्यकता से अधिक अनाज और चारा उपलब्ध है, वे गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के लिए स्वेच्छा से दान करें। इस अवसर पर तहसीलदार सदर राहुल सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक अमरनाथ पाठक, अपर सांख्यिकी अधिकारी संतोष कुमार मौर्य, लेखपाल सुबोध कुमार सिंह व सज्जन सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *