चतरा। एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा में 16 मई से 30 मई 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का समापन 30 मई को वॉकथॉन/प्रभात फेरी के आयोजन के साथ हुआ। इस अवसर पर कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण हेतु विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पखवाड़ा के अंतर्गत परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, प्लॉगिंग एवं श्रमदान गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय 10+2 उच्च विद्यालय, टंडवा तथा बस स्टैंड, अंबेडकर चौक, टंडवा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से आमजन को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त पीएवी रहम में जन-जागरूकता शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पखवाड़ा के दौरान डॉ. लक्ष्मी द्वारा “स्वच्छता संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। वहीं सफाई कर्मियों के साथ विशेष स्वच्छता संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान की सराहना की गई तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व पर बल दिया गया। कर्मचारियों एवं परिवार के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए हस्ताक्षर अभियान, विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा वसुंधरा लेडीज़ क्लब द्वारा “वेस्ट टू वेल्थ” प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से पुनर्चक्रण, अपशिष्ट प्रबंधन एवं रचनात्मकता को बढ़ावा दिया गया।
समापन अवसर पर प्रबंधन ने स्वच्छता पखवाड़ा 2026 को सफल बनाने में कर्मचारियों, सहयोगियों, संविदा कर्मियों एवं उनके परिवारजनों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। साथ ही यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए और इसे दैनिक व्यवहार में अपनाना आवश्यक है। वॉकथॉन के साथ सम्पन्न हुआ यह स्वच्छता पखवाड़ा एक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण के लिए नॉर्थ करणपुरा परिवार के सामूहिक संकल्प का प्रतीक रहा। एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा निरंतर जागरूकता, जनसहभागिता एवं सतत विकास की पहलों के माध्यम से ‘स्वच्छ भारत’ के राष्ट्रीय मिशन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
