एनटीपीसी सिंगरौली में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई श्री विश्वकर्मा पूजा

Spread the love

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री विश्वकर्मा पूजा श्रद्धा, उल्लास एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ मनाई गई। मुख्य संयंत्र स्थित सेवा भवन उद्यान में आयोजित मुख्य समारोह में भगवान विश्वकर्मा का पूजन, हवन एवं आरती की गई। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख  ई. प्रभाकर राव ने अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन में सहभागिता की। सभी ने भगवान विश्वकर्मा से संयंत्र के सुरक्षित एवं निर्बाध प्रचालन, संगठन की निरंतर प्रगति तथा एनटीपीसी परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर  ई. प्रभाकर राव ने एनटीपीसी परिवार को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल, शिल्प और तकनीकी उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। विद्युत उत्पादन जैसे तकनीक-प्रधान क्षेत्र में यह पर्व हमें अपने कार्य, उपकरणों एवं कार्यस्थल के प्रति सम्मान के साथ-साथ सुरक्षा के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली की उपलब्धियों के पीछे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिक साथियों का सामूहिक परिश्रम और समर्पण है।

भगवान विश्वकर्मा को सृजन, शिल्प, वास्तुकला एवं तकनीकी कौशल का अधिष्ठाता माना जाता है। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर औद्योगिक प्रतिष्ठानों में मशीनों, उपकरणों एवं कार्यस्थलों की पूजा की परंपरा रही है। एनटीपीसी सिंगरौली में यह आयोजन श्रम की प्रतिष्ठा, तकनीकी कौशल, सृजनशीलता एवं सुरक्षित कार्यसंस्कृति के प्रति सम्मान को भी अभिव्यक्त करता है। मुख्य समारोह के अतिरिक्त एनटीपीसी सिंगरौली के टाउनशिप सिविल, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टोर, एमजीआर सहित विभिन्न विभागों में भी श्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के उपरांत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित श्रमिक बंधुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण),  रश्मिरंजन मोहंती, महाप्रबंधक (परियोजना),  अंजन पाल, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं ईंधन प्रबंधन),  सुनील कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक (परियोजना अभियांत्रिकी),  सौमित्र घोष, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ऐश डाइक प्रबंधन),  ए.के. सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ) तथा  सिद्धार्थ मण्डल, मानव संसाधन प्रमुख सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। श्री विश्वकर्मा पूजा का यह आयोजन एनटीपीसी सिंगरौली की कार्यसंस्कृति में आस्था, श्रम की प्रतिष्ठा, तकनीकी उत्कृष्टता, टीम भावना और सुरक्षा के मूल्यों के सुंदर समन्वय का प्रतीक बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *