संचारी रोग व दस्तक अभियान की CDO आर जगत साई ने अंतरविभागीय बैठक में तय की जिम्मेदारी
घर-घर जांच और ई-कवच पर दर्ज होगा डेटा, चंदौली में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियां तेज
चन्दौली। जनपद में 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले ‘संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान’ को सफल बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में प्रथम अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुई, जिसकी कार्यवाही का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान से जुड़े सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ सर्वोच्च प्राथमिकता पर कार्य करें। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इस जनकल्याणकारी कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि समस्त गतिविधियां निर्धारित समय सारणी के अनुसार गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी की जाएं। माइक्रो प्लान की प्रति निचले स्तर के कर्मचारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे। अभियान की गतिविधियों और माइक्रो प्लान की प्रविष्टियां CS Pro App पर समयबद्ध रूप से दर्ज की जाएं। वहीं, दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताएं ANM के सहयोग से लक्षणयुक्त मरीजों की जानकारी ई-कवच पोर्टल पर दर्ज करेंगी। आशाएं घर-घर जाकर लार्वा ब्रीडिंग स्थलों की जांच कर उन्हें नष्ट कराएंगी और एन्टोमोलाजिकल प्रपत्र भरेंगी। अभियान की प्रगति की लगातार निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की त्रुटि या कमी पाए जाने पर तत्काल जवाबदेही तय कर उसका निराकरण किया जाएगा।
इस दौरान डेंगू, मलेरिया व अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम और घर-घर जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (VBD), समस्त CHC/PHC के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी तथा मलेरिया विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
