प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शाहगंज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

Spread the love

जन सेवा से राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा देश – ए.के. शर्मा

शाहगंज में सेवा और समर्पण का संदेश, रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जी ने गुरुवार को जनपद जौनपुर की शाहगंज तहसील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रमेश सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवा, जनकल्याण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया।

रक्तदान करने वाले नागरिकों का उत्साहवर्धन करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा जी ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर मिला रक्त उसके लिए जीवन और मृत्यु के बीच अंतर बन सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा कार्य है, जिसमें प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।

ए.के. शर्मा जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा सेवा की भावना को जनभागीदारी से जोड़ना प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन की प्रमुख प्रेरणाओं में रहा है। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी सेवा भाव को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस पर शाहगंज में रक्तदान के माध्यम से लोगों ने सेवा और संवेदना का जो संदेश दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है। सेवा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का दायित्व नहीं है, बल्कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देता है, तभी जनसेवा का भाव जनआंदोलन का रूप लेता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के संकल्प के साथ समाज और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक नागरिक को स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक सुविधाओं का लाभ सहज, सुगम और समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसेवा के कार्यक्रम तभी सार्थक होंगे, जब उनका वास्तविक लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे और नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *