शक्तिनगर, सोनभद्र। जनपद में अपराध एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शक्तिनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोड एवं मानक विहीन भारी वाहनों के खिलाफ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पांच ट्रेलर एवं डम्फर वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के मार्गदर्शन में थाना शक्तिनगर पुलिस एवं उप-सम्भागीय परिवहन अधिकारी, सोनभद्र की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान कुल पांच ट्रेलर एवं डम्फर वाहनों की जांच की गई, जिन पर राखड़, गिट्टी एवं बालू आदि लदा हुआ था। जांच में वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार सभी वाहनों को सीज करते हुए थाना शक्तिनगर परिसर में खड़ा कराया।
पुलिस द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भी प्रेषित कर दी गई है। अभियान में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय सहित थाना शक्तिनगर पुलिस टीम मौजूद रही।
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ओवरलोड वाहनों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
