प्रयागराज। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से इफको फूलपुर की घियानगर कॉलोनी में वरिष्ठ महाप्रबंधक (इकाई प्रमुख) पी.के. सिंह के नेतृत्व में “रन फॉर एनवायरमेंट” जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण से संबंधित आकर्षक पोस्टर, बैनर एवं प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में इफको के अधिकारी एवं कर्मचारी, महिला चेतना क्लब की सदस्याएं, घियानगर की महिलाएं तथा बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के उपरांत वरिष्ठ महाप्रबंधक (इकाई प्रमुख) पी.के. सिंह ने महिला चेतना क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सरिता सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इफको कॉलोनी परिसर में वृहद वृक्षारोपण किया। इस दौरान नीम, पीपल, आम सहित विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण के लिए लाभकारी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित महाप्रबंधकों एवं संयुक्त महाप्रबंधकों ने अपनी धर्मपत्नी के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा परिवार एवं समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस पहल ने कार्यक्रम को एक भावनात्मक एवं सामाजिक आयाम प्रदान किया।
इस अवसर पर पी.के. सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता ही सतत एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला है। कार्यक्रम का सफल समन्वय वरिष्ठ प्रबंधक (ई.पी.सी.) उमेश कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक पी.के. पटेल, रत्नेश कुमार एवं ए.के. गुप्ता, संयुक्त महाप्रबंधक आर.पी. यादव, संदीप गोयल, शैलेश शेरकर, संजय कुमार एवं आशीष कुमार अपनी धर्मपत्नियों सहित उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) शम्भू शेखर, इफको ऑफिसर्स एसोसिएशन के महामंत्री स्वयम् प्रकाश तथा इफको इम्प्लाइज संघ के अध्यक्ष पंकज पाण्डेय एवं महामंत्री विजय कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
