लंबे समय से ग्रामीण कर रहे थे मांग, ग्राम प्रधान के प्रयास से पूरी होने जा रही जरूरत
म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत रासपहरी के बगईनार में ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। ग्राम प्रधान (प्रशासक) शीतल देवी के प्रयास से गांव में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। लगभग पांच बिस्वा जमीन पर बन रहे इस अंत्येष्टि स्थल से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्राम प्रधान (प्रशासक) शीतल देवी ने बताया कि बगईनार के ग्रामीण लंबे समय से अंत्येष्टि स्थल की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की इस आवश्यकता को देखते हुए निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। इसके तैयार हो जाने से गांव के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए दूसरे स्थानों पर जाने की परेशानी से काफी हद तक निजात मिलेगी।
ग्रामीणों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब तक अंत्येष्टि के लिए उचित स्थान की व्यवस्था नहीं होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। गांव में ही अंत्येष्टि स्थल उपलब्ध होने से लोगों को सुविधा मिलेगी और कठिन समय में होने वाली परेशानियां कम होंगी। इस निर्माण कार्य में ग्राम पंचायत सचिव राघवेन्द्र सिंह ने भी रुचि दिखाई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह स्थल पूरे गांव के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा।इस पहल की सराहना करने वालों में बेचन, कमलेश, राकेश, सुनील, मेहीलाल सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
