–251 जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री से दी गई आहुति, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा भिखारी बाबा आश्रम
सोनभद्र। रामगढ़ कसारी स्थित रामसरोवर के शिव मंदिर परिसर में सावन माह भर चलने वाले रुद्राभिषेक पूजन कार्यक्रम का पूर्णिमा के अवसर पर विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर हवन-पूजन एवं आरती का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और वातावरण को शुद्ध रखने के उद्देश्य से 251 जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री से आहुति दी गई।
आचार्य अमरेश मिश्र ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक, हवन एवं आरती पूजन कराया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं और शिव शक्ति महिला मंडल व भिखारी भोले सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए, जिससे पूरा भिखारी बाबा आश्रम शिवमय हो गया।
कार्यक्रम के संयोजक भिक्षुक भिखारी जंगली दास दीनबंधु रमाशंकर गिरी जी महाराज ने बताया कि पूरे सावन माह आचार्य अमरेश मिश्र द्वारा नियमित रूप से रुद्राभिषेक पूजन एवं आरती कराई जा रही थी, जिसका पूर्णिमा के दिन समापन हुआ। उन्होंने बताया कि पर्यावरण प्रदूषण से निजात और वातावरण को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से 251 जड़ी-बूटियों से निर्मित हवन सामग्री से आहुति दी गई।
इस अवसर पर सोनभद्र के वरिष्ठ समाजसेवी संजय अग्रवाल की ओर से आचार्य अमरेश मिश्र को 9,001 रुपये की दक्षिणा भेंट की गई। वहीं, पूरे सावन माह प्रतिदिन आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में चिंता मौर्य, आदित्य केशरी, उषा, रिशिता, चिरौंजी, रामकृपा, मनीता, करुणा सिंह, उर्मिला देवी, सत्या, संगीता, परमानंद, कालो देवी, विमला देवी, हीरा सिंह, साधु सिंह, महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं सेवा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
