कार्यस्थल सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए आर.एस.पी. में ‘मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी’ एप्लिकेशन लॉन्च

Spread the love

राउरकेला। इस्पात संयंत्र (आर.एस.पी.) के सी. एंड आई.टी. एवं डिजिटलीकरण विभाग द्वारा विकसित इन-हाउस डिजिटल पहल एम.ए.एम.आर. (मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी) एप्लिकेशन का शुभारंभ 21 सितंबर, 2026 को मंथन सम्मेलन कक्ष में आर.एस.पी. के निदेशक प्रभारी, आलोक वर्मा ने किया। इस अवसर पर आर.एस.पी. के कार्यपालक निदेशक, मुख्य महा प्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। ‘हमारी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी’ के सिद्धांत पर आधारित यह एप्लिकेशन कर्मचारियों को अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में सुरक्षा की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी लेने के लिए सशक्त बनाता है। फोटो आधारित रिपोर्टिंग के माध्यम से कर्मचारी असुरक्षित कार्यों, असुरक्षित परिस्थितियों, घटनाओं एवं असामान्य कार्य-पद्धतियों की त्वरित पहचान कर उनकी रिपोर्ट कर सकते हैं। इसके बाद दर्ज किए गए अवलोकनों को डिजिटल रूप से रिकॉर्ड, ट्रैक एवं व्यवस्थित तथा समयबद्ध तरीके से संबोधित किया जा सकता है।

एम.ए.एम.आर. एप्लिकेशन में विभिन्न उपयोगकर्ता समूहों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध हैं। एम.ए.एम.आर. कैप्टन एवं सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित मामलों को दर्ज कर सकते हैं, उनकी स्थिति अपडेट कर सकते हैं तथा सुरक्षा संबंधी अवलोकनों की निगरानी कर सकते हैं। वहीं, विभागाध्यक्ष (एच.ओ.डी.), सुरक्षा प्रमुख (एच.ओ.एस.) एवं विभागीय सुरक्षा अधिकारी (डी.एस.ओ.) अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों को देख सकते हैं, प्रगति की निगरानी कर सकते हैं तथा टिप्पणियों एवं अवलोकनों के आधार पर लंबित कार्रवाइयों में तेजी ला सकते हैं।

उच्च प्रबंधन के लिए एक समर्पित डैशबोर्ड उपलब्ध कराया गया है, जिसमें पूरे संयंत्र में दर्ज किए गए सुरक्षा मामलों का समग्र विवरण, उनकी स्थिति, की गई कार्रवाई एवं अनुवर्ती कार्रवाई की जानकारी मिलती है। ये सुविधाएं सुरक्षा प्रबंधन में बेहतर दृश्यता, समयबद्ध हस्तक्षेप तथा डेटा आधारित निर्णय लेने में सहायक होंगी। इस अवसर पर मुख्या महा प्रबंधक (एन.पी.एम. एवं डिजिटलीकरण), आर.के.मुदुली ने एप्लिकेशन के विकास की यात्रा एवं इसकी प्रमुख विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। मुख्य महा प्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं), हीरालाल महापात्र ने संयंत्र की सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने में एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग के महत्व पर प्रकाश डाला। महा प्रबंधक (सी. एंड आई.टी.), श्रीमती सुमिता भट्टाचार्य ने डैशबोर्ड का प्रदर्शन किया तथा सुरक्षा निगरानी एवं दृश्यता में इसकी भूमिका को समझाया।

एम.ए.एम.आर. एप्लिकेशन गूगल प्ले-स्टोर पर उपलब्ध है और आर.एस.पी. के अधिकृत कर्मचारी इसे डाउनलोड कर सकते हैं। यह पहल सक्रिय एवं पूर्व-सावधानी आधारित सुरक्षा प्रबंधन, मानकीकृत हाउसकीपिंग तथा अनसुलझे खतरों के प्रति शून्य-सहिष्णुता की कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे अधिक सुरक्षित एवं डिजिटल रूप से सक्षम कार्यस्थल के निर्माण में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *