राउरकेला इस्पात संयंत्र में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीवनसाथियों के लिए ‘रोशनी-सक्षम साथी’ परामर्श कार्यशाला आयोजित

Spread the love

राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र में अक्टूबर-दिसंबर 2026 के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के जीवनसाथियों के लिए ‘रोशनी-सक्षम साथी’ परामर्श कार्यशाला का आयोजन 19 सितंबर, 2026 को सिविक सेंटर में किया गया। इस अवसर पर मुख्य महा प्रबंधक प्रभारी (सेवाएँ), ए.सी.सरकार मुख्य अतिथि तथा महा प्रबंधक प्रभारी (मानव संसाधन), एस.मेहरोत्रा सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर संबोधित करते हुए सरकार ने जीवनसाथियों से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को सहयोग एवं सहानुभूति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद जीवन में होने वाले परिवर्तनों के साथ सामंजस्य स्थापित करने में जीवनसाथियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है तथा उनका सहयोग इस संक्रमणकाल को सहज एवं सकारात्मक बनाने में सहायक होगा।

कार्यशाला के दौरान सेवानिवृत्ति के रूप में जीवन के महत्त्वपूर्ण बदलाव काल का सकारात्मक रूप से सामना करने तथा उद्देश्यपूर्ण एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए सहायक महाप्रबंधक (सीपी-2), श्री बाबुला नाहक ने सकारात्मक सोच विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। जबकी सहायक महा प्रबंधक (वित्त एवं लेखा), पप्पू कुमार ने वित्तीय सुरक्षा की योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उप महा प्रबंधक (उद्यानकृषि), टी.बी.टोप्पो, ने सेवानिवृत्ति के बाद सक्रिय एवं सार्थक जीवन के लिए विभिन्न गतिविधियों से जुड़े उपयोगी सुझाव साझा किए। अतिरिक्त सी.एम.ओ. (ओ.एच.एस.सी.), डॉ. एस.कुमार ने ‘अर्थपूर्ण जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, कल्याण एवं समग्र दृष्टिकोण सुनिश्चित करना’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।

सहायक प्रबंधक (एच.आर.), एस.पी.माझी ने उपस्थित कर्मीसमूह का स्वागत किया तथा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित भी किया। कार्यशाला का संचालन उप प्रबंधक (एच.आर.), एस.सी.नायक ने सहायक महा प्रबंधक (एच.आर.), अविनाश के मार्गदर्शन में तथा एच.आर.-ई.आर. एंड सी. टीम के सहयोग से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *