रोड पर पानी बहने से आवागमन में हुई परेशानी
अहरौरा, मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद अहरौरा क्षेत्र की नालियों की सफाई बरसात के पूर्व न कराए जाने के कारण नगर में हल्की सी बरसात होने के बाद नगर का विकास रोड पर तैरता नजर आने लगता हैं । रोड पर पानी बहने के कारण जनजीवन रुक जाता है और लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती हैं। नगर की मुख्य सड़क चकिया रोड त्रिमुहानी से नई बाजार, सत्यानंगंज, खड़ंजा, से पांडेय जी दक्षिणी फाटक तक जाने वाली सड़क आधा घंटे की तेज बरसात के बाद नाला बन जाती है और रोड पर एक फीट डेढ़ फीट पानी चलने लगता हैं जो जहां रहता हैं वहीं रुक जाता हैं और पानी निकलने का इंतजार करना पड़ता है। पानी निकलने में आधा घंटे से अधिक का समय लग जाता हैं।
गुरुवार को रुक रुक कर हो रही बरसात के कारण दिन भर पानी रोड पर बहता दिखाई पड़ा। इसी तरह सहूवाइन पोखरा चौमुंहानी के पास चारो तरफ की नाली सफाई न होने के कारण जाम है जिसके कारण रोड पर पानी बह रहा है। नामित सभासद कृष्ण कुमार तिवारी ने बताया की नगर की अधिकांश नालियां जाम होने के कारण रोड पर जल जमाव की स्थिति बन जाती है जिससे लोगों को परेशानी होती है। इस सम्बन्ध में अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह से बात करने का प्रयास किया गया तो वे कुछ भी बोलने से बचती रही।
