धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय, बीसीसीएल में आज सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य चिकित्सा सेवाएँ (सीएमएस) तथा मुख्यालय से सेवानिवृत्त 04 कर्मचारियों सहित कुल 05 कार्मिकों का सेवानिवृत्ति सम्मान तथा अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने की। अवसर पर निदेशक (तकनीकी-संचालन) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, महाप्रबंधक (प्रशासन) अर्पण घोष, विभागाध्यक्ष (अधिकारी स्थापना) श्रीमती शोभा.जे.कुजूर, विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्यालय के अन्य महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मी के साथ बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों के परिजन भी उपस्थित रहें। सेवानिवृत्त कर्मियों हेतु सम्मान-पत्र वाचन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जिसके उपरांत सेवानिवृत्त कार्मिकों को अंग-वस्त्र, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी भी कर्मी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उनके दीर्घकालीन योगदान, अनुभव और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है और उनके वर्षों का अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों के सुखद एवं उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी-संचालन) संजय कुमार सिंह एवं निदेशक (वित्त) राजेश कुमार ने भी अपने विचार साझा करते हुए सभी सेवानिवृत्त कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल से अप्रैल माह में 1 अधिकारी (सीएमएस) एवं मुख्यालय तथा सभी क्षेत्रों से सेवानिवृत्त 132 कर्मचारियों सहित कुल 133 कार्मिक कंपनी से सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्त एक अधिकारी (सीएमएस) और मुख्यालय से सेवानिवृत्त 4 कर्मचारियों के लिए कोयला भवन मुख्यालय में आज उपरोक्त समारोह का आयोजन हुआ। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए सम्मान समारोह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों में शामिल रहें – डॉ. पूनम दुबे (मुख्य चिकित्सा सेवाएँ), मो. वाजिद अंसारी, (वरीय ई.पी फिटर), राम प्रवेश चौहान (कार्यालय अधीक्षक), गिरीश चौधरी (चीफ फार्मासिस्ट) तथा गहनु राम महतो (वरीय ई.पी फिटर)। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और बीसीसीएल परिवार का हिस्सा होने पर गर्व व्यक्त किया। कर्मियों ने कंपनी के साथ बिताए अपने लंबे सफर को यादगार बताते हुए इसे अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक (राजभाषा) उदयवीर सिंह ने किया।
