परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 03 ट्रेनों का विस्तार, 08 ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव तथा एक ट्रेन का पुनर्निर्धारण किया गया
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में पीईटी परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसी क्रम में दिनांक 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को रात्रि 20:00 बजे तक कुल 11 आउटवर्ड तथा 04 इनवर्ड परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके अतिरिक्त परीक्षार्थियों की यात्रा सुविधा को ध्यान में रखते हुए 03 ट्रेनों का विस्तार किया गया, 08 ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया तथा एक ट्रेन का पुनर्निर्धारण किया गया।
30 अक्टूबर को संचालित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों में अलीगढ़ से कानपुर के लिए दो, शिकोहाबाद से इटावा होते हुए कानपुर के लिए एक, मैनपुरी से प्रयागराज के लिए एक, कानपुर से वाराणसी के लिए एक, कानपुर से प्रयागराज के लिए एक तथा प्रयागराज से वाराणसी के लिए एक विशेष ट्रेन का संचालन किया गया।
दोनों दिनों की प्रमुख व्यवस्थाओं का विवरण निम्नवत है:
- आउटवर्ड परीक्षा स्पेशल ट्रेनें: 11
- इनवर्ड परीक्षा स्पेशल ट्रेनें: 04
- ट्रेनों का विस्तार: 03
- ट्रेनों का पुनर्निर्धारण: 01
- अतिरिक्त ठहराव: 08
रेल प्रशासन द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा, सुचारु आवागमन तथा भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख स्टेशनों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रेल प्रशासन परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है।
