आलापुर अंबेडकरनगर। विधान सभा क्षेत्र आलापुर समाजवादी पार्टी कार्यालय रामनगर में परंपरागत दीपावली की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए । आओ हम सब मिलकर एक दीप जलाएं और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प संकल्प मुख्य अतिथि विधायक त्रिभुवनदत्त ने कार्यकर्ताओं को दिलाया। समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को रामनगर स्थित पार्टी कार्यालय पर ‘आओ मिलकर हम सब एक दीप जलाएं’ कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई।
इसमें विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव त्रिभुवन दत्त ने कार्यकर्ताओं को अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दिलाया। साथ ही बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।विधायक त्रिभुवन दत्त ने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर विशेष प्रयास करें। कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। संगठन की मजबूती के लिए आपसी समन्वय और सक्रियता बनाए रखने की नसीहत भी दी। समाजवादी पार्टी के प्रांतीय सचिव योगेंद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। संगठन की मजबूती और एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
युवा नेता राहुल दत्त यशवर्धन ने युवाओं से पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।बैठक को एससी आयोग की पूर्व सदस्य विद्या सिंह भारती,ब्लॉक प्रमुख प्रमोद दत्त,वीरेंद्र तिवारी और विधान सभा अध्यक्ष रविंद्र यादव,सपा नेता अजय गौतम एडवोकेट,कृष्ण कुमार पाण्डेय समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव रामप्यारे निषाद ने किया।
