रेनुकूट के व्यापारियों ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई

Spread the love

रेनुकूट, सोनभद्र। रेनुकूट व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता ने जिलाधिकारी सोनभद्र को प्रार्थना पत्र देकर रेनुकूट बाजार में निवास करने वाले व्यापारियों एवं उनके परिवारों के लिए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि रेनुकूट बाजार में लगभग 10-12 हजार व्यापारी अपने परिवारों के साथ निवास करते हुए व्यवसाय कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार बाजार का अधिकांश हिस्सा नगर पंचायत रेनुकूट की सीमा में शामिल नहीं होने के कारण उन्हें जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापार मंडल ने बताया कि बाजार क्षेत्र को औद्योगिक नगर क्षेत्र में शामिल किया गया है, लेकिन यहां रहने वाले व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से रेनुकूट में रहकर व्यवसाय करते हुए स्थानीय लोगों को विभिन्न सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मामले में उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यक व्यवस्था कराने का अनुरोध किया है, ताकि व्यापारियों और उनके परिवारों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने में हो रही परेशानी दूर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *