सोनभद्र। भूमि संरक्षण अधिकारी, रॉबर्ट्सगंज-सोनभद्र ने अवगत कराया कि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के क्रम में दिनांक 02 अक्टूबर को जनपद में वाटरशेड विकास घटक- प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत परियोजना घोरावल एवं नगवां में “रिफॉर्म उत्सव” का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत सिरसाई, विकास खण्ड घोरावल तथा ग्राम पंचायत आमडीह, विकास खण्ड नगवां में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से वाटरशेड विकास की विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान परियोजना क्षेत्र में कराए गए परिणाम परक कार्यों, उनके परिणामों एवं किसानों को प्राप्त होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए जल संरक्षण के महत्व के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि भूमि संरक्षण इकाई, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र द्वारा ग्रामीणों को वाटरशेड विकास योजना के अंतर्गत कराए जाने वाले विभिन्न कार्यों, उनसे होने वाले लाभों तथा जल संरक्षण के उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं ग्रामीणजन, संबंधित ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव तथा विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों से जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
