राजीव कुमार सिन्हा ने बीसीसीएल के नए निदेशक तकनीकी  का प्रभार ग्रहण किया

Spread the love

धनबाद। सीएमपीडीआईएल के निदेशक (तकनीकी)  राजीव कुमार सिन्हा ने आज कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल नए निदेशकतकनीकी(योजना एवं परियोजना) का प्रभार ग्रहण किया। उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी आगामी छह माह की अवधि अथवा नियमित नियुक्ति होने तक के लिए सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि  सिन्हा गत वर्ष अक्टूबर से सीएमपीडीआईएल में निदेशक (तकनीकी) के पद पर कार्यरत है। इससे पूर्व वे बीसीसीएल, सीसीएल तथा सीएमपीडीआईएल में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं।

श्री सिन्हा ने वर्ष 1990 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (भारतीय खनि विद्यालय), धनबाद से खनन अभियांत्रिकी में स्नातक उपाधि प्राप्त की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बीसीसीएल के कुसुंडा क्षेत्र से की, जहाँ उन्होंने कोयला खनन के विभिन्न पहलुओं में व्यावहारिक अनुभव अर्जित किया। पर्यावरण संरक्षण एवं सतत खनन के प्रति अपनी रुचि के चलते उन्होंने वर्ष 1995 में उन्होंने आईएसएम से ही  पर्यावरण विज्ञान एवं अभियांत्रिकी में एम.टेक. की उपाधि भी प्राप्त की। वर्ष 1998 में उन्होंने प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र प्राप्त किया। कोयला खनन क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों के अपने समृद्ध अनुभव के दौरान श्री सिन्हा ने खनन योजना, पर्यावरण प्रबंधन, परियोजना विकास तथा कॉर्पोरेट रणनीति के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 सिन्हा को खनन क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है तथा उन्होंने विभिन्न तकनीकी एवं प्रबंधकीय दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके नेतृत्व में परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, संसाधन प्रबंधन एवं अन्य संबंधित कार्यों को नई गति मिलने की अपेक्षा की जा रही है। प्रभार ग्रहण करने के उपरांत श्री सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि कोकिंग कोल की देश की अग्रणी उत्पादक कंपनी बीसीसीएल में निदेशक तकनीकी(योजना एवं परियोजना) के रूप में यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि बीसीसीएल का कोयला क्षेत्र में विशिष्ट स्थान है और संगठन के समग्र विकास, परियोजनाओं के प्रभावी नियोजन एवं क्रियान्वयन के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कंपनी प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सिन्हा के व्यापक अनुभव, तकनीकी उत्कृष्टता एवं दूरदर्शी नेतृत्व से बीसीसीएल तथा कोयला क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *