रांगाटाड़, शहीद स्मारक चौक सहित सीएचडी में हुए कार्यक्रम। वीर कोयला श्रमिकों को दी गई श्रद्धांजलि। राष्ट्र-निर्माण में श्रमिकों के योगदान को किया गया नमन
धनबाद। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर आज बीसीसीएल द्वारा श्रमिकों, विशेषकर कोयला श्रमिकों एवं सफाई कर्मियों के योगदान को सम्मानित करने के साथ श्रमिक कल्याण, सामाजिक एकता और संवेदनशीलता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य कार्यक्रम कोयला नगर स्थित शहीद स्मारक चौक पर आयोजित हुआ, जहां सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कोयला उद्योग के वीर कोयला श्रमिकों को अपनी श्रद्धांजलि दी तथा अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। उन्होंने कोयला भवन के मुख्य द्वार पर स्थित खनिक की प्रतिमा (जय खनिक) पर भी माल्यार्पण किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जेबीसीसीआई सदस्य डी.डी रामनंदन सहित बीसीसीएल सीसीसी, वेलफेयर एवं सेफ्टी बोर्ड के सभी सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, सिस्टा के सदस्य, सीआईएसएफ कमांडेंट पी. विश्वकर्मा, सीआईएसएफ के अन्य अधिकारी-कर्मी, सुरक्षा बल के सदस्यों ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता की।
उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों ने कोयला उद्योग में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर कोयला श्रमिकों की स्मृति में निर्मित शहीद स्मारक पर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा कोयला भवन स्थित खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम स्थल पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर शांति, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
अपने संबोधन में सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि श्रमिक हमारे औद्योगिक विकास और राष्ट्र-निर्माण की आधारशिला हैं। विशेषकर कोयला क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों का योगदान अतुलनीय है, जो विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी निरंतर राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कोयला उद्योग में अपने कर्तव्य-पालन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले वीर श्रमिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिकों का त्याग और समर्पण संगठन एवं समाज के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल अपने सभी श्रमिकों के कल्याण, सुरक्षा और समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है, तथा सुरक्षित कार्य-परिवेश और बेहतर जीवन-स्तर सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलें निरंतर जारी रहेंगी।
सीएमडी द्वारा इस दौरान बीसीसीएल की विभिन्न इकाइयों में कार्यरत सफाई-कर्मियों के बीच विभिन्न सुरक्षा उपकरण तथा दैनंदिन उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की एक सुरक्षा किट का वितरण किया गया। उपस्थित निदेशकगण तथा विभिन्न श्रमिक संगठनो के प्रतिनिधियों ने भी श्रमिकों के बीच सुरक्षा किट का वितरण किया। सीएमडी श्री अग्रवाल ने इसके उपरांत कोयला नगर स्थित विभिन्न श्रेणियों के क्वाटर्स का निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपस्थित सिविल एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को रहवासियों की सुविधाओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इसके पूर्व दिन के कार्यक्रम की शुरुआत रांगाटाड़ स्थित खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जहाँ बीसीसीएल उच्च प्रबंधन एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों के योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में सेंट्रल हॉस्पिटल (सीएचडी) में भी स्वच्छता किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ निदेशक (मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमैया और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हॉस्पिटल के सफाई-कर्मियों के बीच में स्वच्छता किट का वितरण किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. बंदना सहित सभी वरीय चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, पैरा-मेडिकल, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे। संपूर्ण आयोजन में बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, विभिन्न श्रमिक संगठन के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन उदयवीर सिंह (प्रबंधक, राजभाषा) ने किया।
