अनावश्यक चेन पुलिंग पर प्रयागराज मंडल की सख्ती, 3207 लोगों पर कार्रवाई

Spread the love

01 जनवरी से 31 अक्तूबर 2026 तक अनावश्यक चेन पुलिंग के 3207 मामलों में आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

ट्रेनों के सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन में बाधा डालने वालों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई

प्रयागराज । ट्रेनों के सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग (ACP) के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत रेल प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी एवं सघन जांच के माध्यम से अनावश्यक चेन पुलिंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 01 जनवरी 2026 से 31 अक्तूबर 2026 तक कुल 3207 व्यक्तियों को बिना उचित कारण अलार्म चेन पुलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। रेलवे द्वारा ट्रेनों में उपलब्ध कराई गई अलार्म चेन की सुविधा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों के लिए है। इसका अनावश्यक उपयोग ट्रेन के संचालन में बाधा उत्पन्न करता है, जिससे न केवल संबंधित ट्रेन का समयपालन प्रभावित होता है, बल्कि पीछे चल रही अन्य ट्रेनों का परिचालन भी बाधित हो सकता है। इसके परिणामस्वरूप यात्रियों को अनावश्यक देरी एवं असुविधा का सामना करना पड़ता है।

माह-वार गिरफ्तारियाँ (01 जनवरी – 31 अक्तूबर 2026):
जनवरी 2026: 274 लोग गिरफ्तार, फरवरी 2026: 244 लोग गिरफ्तार, मार्च 2026: 341 लोग गिरफ्तार, अप्रैल 2026: 318 लोग गिरफ्तार
मई 2026: 386 लोग गिरफ्तार, जून 2026: 397 लोग गिरफ्तार. जुलाई 2026: 289 लोग गिरफ्तार, अगस्त 2026: 279 लोग गिरफ्तार
अक्तूबर 2026: 305 लोग गिरफ्तार, अक्तूबर 2026: 374 लोग गिरफ्तार

रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट-वार गिरफ्तारियाँ (01 जनवरी – 31 अक्तूबर 2026):
कानपुर सेंट्रल: 486, टूंडला: 302, अलीगढ़: 243, इटावा: 240, प्रयागराज जंक्शन: 233, फतेहपुर: 221, नैनी: 200, फफूंद: 194, मिर्जापुर: 172
प्रयागराज छिवकी: 120, मानिकपुर: 116, सूबेदारगंज: 108, शिकोहाबाद: 108, फ़िरोज़ाबाद: 84, चुनार: 76, जीएमसी: 66, हाथरस: 65
खुर्जा: 60, दादरी: 57, पनकी धाम: 35, कानपुर अनवरगंज: 21

रेल प्रशासन द्वारा ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। यात्रियों को जागरूक करने के साथ-साथ अनावश्यक चेन पुलिंग रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान भी लगातार जारी है।

प्रयागराज मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन स्थिति में ही करें। बिना उचित कारण चेन पुलिंग करने से बचें और रेल परिचालन में सहयोग प्रदान करें। यात्रियों की जागरूकता एवं सहयोग से ही ट्रेनों का सुरक्षित, सुचारु और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जा सकता है । प्रयागराज मंडल बेहतर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षित रेल परिचालन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *