सभी करें योग, सभी रहें नीरोग — राजकुमार 

Spread the love

  सोनभद्र। डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी रिहंदनगर में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक रूप से योग किया गया। इसमें विद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री राजकुमार ने प्रसिद्ध योग शिक्षिका प्रभा पांडे को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राजकुमार ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि हमारे विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रत्येक दिन योगाभ्यास विद्यार्थियों को कराया जाता है। मैं स्वयं नियमित रूप से योगा करता हूं और मेरा अनुभव कहता है कि जो भी व्यक्ति प्रतिदिन योगाभ्यास करेगा उसे अस्पताल जाने की जरूरत नहीं होगी। आज ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डीएवी यह संदेश देना चाहती है कि “सभी करें योग; सभी रहें नीरोग।” तत्पश्चात प्रसिद्ध योग शिक्षिका प्रभा पांडे ने योग के महत्व को समझाते हुए सभी को स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से योग करने की सलाह दी।

प्रभा पांडे ने बताया कि भारत में वैदिक काल से हीं योग करने की परंपरा रही है; लेकिन  अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग को स्थापित करवाने का श्रेय देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है जिनके प्रयास से आज पूरे संसार में योग दिवस मनाया जा रहा है। दुनिया के अधिकांश देशों के लोग योग को अपना रहे हैं और इसका लाभ ले रहे हैं। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम ‘एक धरती एक स्वास्थ्य’ है।हम सभी को मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए नियमित रूप से योग करना चाहिए।  प्राणायाम का अभ्यास अवश्य करें; यह विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। इससे विषय को समझने और लंबे समय तक याद रखने की क्षमता बढ़ती है। नियमित रूप से प्राणायाम करने से फेफड़ा और हृदय तो मजबूत होता हीं है;  त्वचा में भी निखार आती है। नियमित रूप से योग करने से शरीर में रोग निरोधक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि डीएवी प्रांगण से मैं यह आह्वान करती हूं कि स्त्री हों या पुरुष, बच्चे हों या बुजुर्ग सभी नियमित रूप से योग करें और स्वस्थ रहकर अपने एवं अपने परिवार तथा राष्ट्र के विकास में अहम् योगदान दें। इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स प्रशांत शाही, तन्वी तिवारी, अंजली सिंह, ध्रुव वत्स, अभय मिश्रा, अर्पित कुमार आदि ने विशेष रूप से भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *