पी०एम० पोषण योजना के तहत जनपद के 1267 विद्यालयों में शुरू हुआ सप्लीमेन्ट्री न्यूट्रिशन का वितरण

Spread the love

 बच्चों को मिला पौष्टिक व स्वादिष्ट हलवा

14 सप्ताह तक चलेगा विशेष सप्लीमेन्ट्री न्यूट्रिशन कार्यक्रम, समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सख्त निर्देश

चन्दौली। माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण स्तर को सुधारने की दिशा में पी०एम० पोषण योजना के अंतर्गत एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है। निदेशक, मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी 1267 आच्छादित विद्यालयों में सप्लीमेन्ट्री न्यूट्रिशन के रूप में सूजी से निर्मित मीठा हलवा एवं उपमा (नमकीन हलवा) का वितरण माह नवंबर 2026 के प्रथम सप्ताह से सफलतापूर्वक प्रारंभ हो गया है।​

योजना के पहले सप्ताह के शुक्रवार को जनपद के समस्त विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को अत्यंत उत्साह के साथ गरमा-गरम और स्वादिष्ट हलवा परोसा गया, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष पोषण अभियान माह नवंबर 2026 से लगातार 14 सप्ताह तक (माह फरवरी 2027 के तृतीय सप्ताह तक) संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को विविधता और स्वाद देने के साथ-साथ उनके संपूर्ण पोषण का ध्यान रखा गया है।​

​प्रथम एवं तृतीय सप्ताह: बच्चों को पौष्टिक सूजी का मीठा हलवा वितरित किया जाएगा। द्वितीय, चतुर्थ एवं पंचम सप्ताह: बच्चों को सूजी का उपमा (नमकीन हलवा) परोसा जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि योजना के सुचारू और पारदर्शी संचालन के लिए कार्यालय के पत्रांक दिनांक 14.10.2026 एवं 30.10.2026 के माध्यम से समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकास खंड के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा यह पहल न केवल बच्चों के स्वास्थ्य और शारीरिक विकास में मददगार साबित होगी, बल्कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और रुचि को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विभाग यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि गुणवत्तायुक्त और स्वच्छ वातावरण में तैयार सप्लीमेन्ट्री न्यूट्रिशन प्रत्येक बच्चे तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *