प्रयागराज । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा दिनांक 02, 03 एवं 04 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली यूपीटीईटी-2026 परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के रेलमार्ग से आवागमन की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक परिचालनिक, वाणिज्यिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं। मंडल कार्यालय स्थित वार रूम में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जहाँ से संपूर्ण व्यवस्था की सतत निगरानी एवं समन्वय किया जाएगा। आवश्यकता एवं यात्री मांग के अनुसार परीक्षा विशेष (एग्जाम स्पेशल) ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों एवं अन्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला तथा मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्य, परिचालन एवं सुरक्षा विभाग के पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसरों एवं यात्री आवागमन की गतिविधियों की सतत निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी, जिससे भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
सभी प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती, पूछताछ काउंटरों को सुदृढ़ करने, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को निरंतर आवश्यक सूचनाएँ उपलब्ध कराने तथा रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है। साथ ही रेलवे कर्मचारियों को परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन करने एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, आवश्यकता पड़ने पर कुछ नियमित ट्रेनों को मार्ग में अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया जा सकता है अथवा उनके संचालन समय में परिचालनिक आवश्यकता के अनुरूप परिवर्तन किया जा सकता है। इससे अधिकाधिक परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने तथा परीक्षा उपरांत वापसी यात्रा में सुविधा प्राप्त होगी। रेलवे प्रशासन परिस्थितियों एवं यात्री मांग के अनुरूप आवश्यक परिचालनिक निर्णय लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करेगा।
प्रयागराज मंडल सभी परीक्षार्थियों से अपील करता है कि वे निर्धारित समय से पर्याप्त पूर्व स्टेशन पहुँचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। रेलवे प्रशासन सभी परीक्षार्थियों एवं यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
