5.21 लाख से अधिक यूटीएस काउंटर टिकट के लिए डिजिटल भुगतान, डिजिटल भुगतान से ₹10.20 करोड़ से अधिक का आय अर्जन
प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग श्री हरि मोहन के निर्देशन में प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप यूटीएस काउंटर टिकट पर डिजिटल भुगतान में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।
भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को यूटीएस काउंटर से अनारक्षित टिकट खरीदने के लिए डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। डिजिटल भुगतान के माध्यम से टिकट खरीदने से यात्रियों को नकद भुगतान की आवश्यकता नहीं होती तथा टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सरल एवं सुविधाजनक हो जाती है। प्रयागराज मंडल में चालू वित्तीय वर्ष में 24 अगस्त 2026 तक यूटीएस काउंटर पर डिजिटल भुगतान के माध्यम से 5,21,514 टिकट जारी किए गए, जिनसे 12,60,785 यात्रियों ने यात्रा की। इन टिकटों से मंडल को ₹10,20,29,370 की आय प्राप्त हुई।
गत वित्तीय वर्ष की इसी अवधि की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में डिजिटल भुगतान के माध्यम से जारी यात्री टिकटों की संख्या में 83 प्रतिशत, यात्रियों की संख्या में 91.24 प्रतिशत तथा आय अर्जन में 84.09 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
यूटीएस काउंटर टिकट में डिजिटल भुगतान वाले प्रमुख स्टेशन:
प्रयागराज जंक्शन: 100920 टिकट, 163852यात्री, ₹2,75,09,460 आय कानपुर सेंट्रल: 57699 टिकट, 121621 यात्री, ₹1,40,84,940 आय अलीगढ़ जंक्शन: 64182टिकट, 207977 यात्री, ₹86,62,055आय मिर्जापुर: 23411टिकट, 53424 यात्री, ₹78,01,720 आय टुंडला जंक्शन: 24922 टिकट, 43540 यात्री, ₹48,83,665आय
यह वृद्धि यात्रियों के बीच डिजिटल भुगतान की बढ़ती स्वीकार्यता तथा प्रयागराज मंडल द्वारा आधुनिक एवं यात्री-केंद्रित सुविधाओं को निरंतर प्रोत्साहित किए जाने का परिणाम है। मंडल द्वारा यात्रियों को डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक करने तथा अनारक्षित टिकट खरीदने की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुखद और आरामदायक यात्रा के साथ बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज मण्डल ने चेकिंग अभियान के साथ-साथ यात्रियों को जागरूक करने के लिए स्टेशनों पर स्टीकर, पोस्टर एवं एनाउंस के माध्यम से उचित और वैध रेलवे टिकट के साथ यात्रा करने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है ।
