एनटीपीसी विंध्याचल राजभाषा अनुभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी-विंध्याचल राजभाषा अनुभाग द्वारा हिंदी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत दिनांक 22.09.2026 को परियोजना के क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान मे सायं 04.30 बजे से संविदा कर्मचारियों एवं नगरवासियों हेतु कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं उल्लासमय वातावरण में संपन्न हुआ।

इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों से लगभग 50 से भी अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। और अपनी-अपनी काव्य प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सायं लगभग साढ़े चार बजे से प्रारंभ होकर यह काव्यमय आयोजन रात्रि साढ़े आठ बजे तक अनवरत चलता रहा।

प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण, श्रमिकों की आत्मव्यथा, प्रकृति प्रेम, रामायण-महाभारत के पौराणिक प्रसंगों तथा सामाजिक एवं राजनीतिक विषयों पर एक से बढ़कर एक भावपूर्ण, ओजपूर्ण एवं मार्मिक कविताओं का वाचन किया। कविताओं की प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली रही कि उपस्थित श्रोता बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविदा श्रमिकों एवं नगरवासियों में राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि जागृत करना तथा उन्हें अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति हेतु सशक्त मंच प्रदान करना रहा। यह आयोजन पूर्णतः सफल रहा और सभी प्रतिभागियों एवं श्रोताओं ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि सराहना की। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक अधिकारी(राजभाषा) कल्याण सिंह एवं उनकी टीम  का महत्वपूर्ण योगदान रहा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *