स्वच्छता का संकल्प, जनभागीदारी का उत्सव : एनटीपीसी टांडा में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू

Spread the love

कचरे से कंचन तक : एनटीपीसी टांडा में स्वच्छता को लेकर विशेष पहल

अंबेडकर नगर। NTPC की टांडा परियोजना में विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में 16 मई से 31 मई 2026 तक “स्वच्छता हर किसी का दायित्व है” थीम पर आधारित “स्वच्छता पखवाड़ा–2026” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ शनिवार को एनटीपीसी टांडा परिसर स्थित उमंग स्टेडियम से प्रभात फेरी एवं स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। पखवाड़े के दौरान परियोजना एवं आवासीय परिसर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

एनटीपीसी टाउनशिप स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त “कचरे से कंचन”, “स्वच्छता हर किसी का दायित्व है” तथा “प्लास्टिक मुक्त भारत : आवश्यकता और समाधान” जैसे विषयों पर विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

महिला वर्ग हेतु “अपशिष्ट से सर्वोत्तम” प्रतियोगिता तथा बच्चों के लिए “कबाड़ से जुगाड़” गतिविधि आयोजित की जाएगी, जिससे स्वच्छता एवं पुनर्चक्रण के प्रति व्यवहारिक जागरूकता को बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही स्वच्छता श्रमदान, वृक्षारोपण अभियान एवं नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जाएगा।पूरे पखवाड़े के दौरान परियोजना एवं आवासीय परिसर में विशेष सफाई अभियान, घास कटाई, नालियों की सफाई तथा परियोजना के आस पास की ग्राम सभाओं में फॉगिंग जैसी गतिविधियां निरंतर संचालित की जाएंगी। एनटीपीसी टांडा ने सभी कर्मचारियों, सहयोगी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता पखवाड़ा–2026 में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *