प्रयागराज। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), इलाहाबाद द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test-PET) का आयोजन आज 31 जुलाई को प्रयागराज स्थित डीएसए ग्राउंड में किया गया । आरआरसी इलाहाबाद द्वारा आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में 225 महिला अभ्यर्थियों सहित कुल 3736 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुये थे। भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संपूर्ण परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई गई। शारीरिक दक्षता परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें प्रत्येक परीक्षार्थी को निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करना अनिवार्य है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए निर्धारित मानकों के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 1,000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करनी है तथा 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में एक बार में तय करनी है। वहीं महिला अभ्यर्थियों के लिए 1,000 मीटर की दौड़ हेतु 5 मिनट 40 सेकंड का समय निर्धारित है और उन्हें 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में एक बार में पूरी करनी है। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में पात्रता प्राप्त करने के लिए इन दोनों मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करना आवश्यक है। आज आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में 250 परीक्षार्थियों ने भागीदारी की जिसमें 172 परीक्षार्थी सफल रहे। रेल प्रशासन द्वारा मैदान पर सबसे पहले PET सत्यापन किया जाता है, जिसके बाद बायोमेट्रिक पहचान एवं आधार प्रमाणीकरण और फिर आर एफ आई डी पंजीकरण पूरा किया जाता है।
इस प्रक्रिया के पश्चात अभ्यर्थियों को दौड़ की दूरी, समय सीमा तथा वजन उठाने के नियमों की पूरी जानकारी दी जाती है। उत्तर मध्य रेलवे एवं रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, इलाहाबाद का उद्देश्य संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करना है। परीक्षा स्थल पर सुरक्षा, अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई है। परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनी रहे। परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा स्थल पर पेयजल, पंखे, कूलर, टेंट तथा स्वच्छ शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
