छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और जनजीवन से अपने गहरे जुड़ाव को किया याद, सरगुजा से बस्तर तक की यात्राओं के अनुभव किए साझा*
*नक्सलवाद के निर्णायक खात्मे से छत्तीसगढ़ में शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण : प्रधानमंत्री
*डबल इंजन सरकार के प्रयासों से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव*
*छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति दे रहा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार*
*’अंजोर विजन’ विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को दे रहा नई दिशा : प्रधानमंत्री*
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आत्मीय पत्र लिखकर प्रदेश के सभी भाई-बहनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में छत्तीसगढ़ से अपने दशकों पुराने आत्मीय संबंधों, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नक्सलवाद के विरुद्ध मिली निर्णायक सफलता तथा विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हो रहे व्यापक बदलावों का विशेष उल्लेख किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि छत्तीसगढ़ आने वाले समय में विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
*अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व में साकार हुई छत्तीसगढ़ की आकांक्षाएं*
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने पत्र में भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण करते हुए कहा कि 26 वर्ष पूर्व उनके दूरदर्शी नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ था। इस ऐतिहासिक निर्णय ने लाखों नागरिकों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को साकार किया और प्रदेश के विकास की नई यात्रा का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक रहा, लेकिन आज इसे निर्णायक रूप से समाप्त करने में सफलता मिली है। इससे प्रदेश में विकास का नया वातावरण बना है तथा कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के विस्तार को नई गति मिली है।
*’मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश डबल इंजन सरकार की नीतियों का मूल आधार*
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संत गुरु घासीदास जी के ‘मनखे-मनखे एक समान’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह डबल इंजन सरकार की नीतियों के मूल आधार जैसा है। इसी मंत्र को आत्मसात करते हुए सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ की भावना से समाज के प्रत्येक वर्ग की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से सुदूर जनजातीय क्षेत्रों तक पक्के मकान, सड़क, बिजली, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। इन प्रयासों से प्रदेश की बड़ी आबादी को गरीबी से बाहर निकलने में मदद मिली है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के 73 लाख जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से निःशुल्क अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
*इनोवेशन और टेक्नोलॉजी का प्रमुख केंद्र बन रहा छत्तीसगढ़*
प्रधानमंत्री ने नवा रायपुर के आधुनिक शहर के रूप में उभरने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इंडिया AI मिशन और सेमीकंडक्टर मिशन के अनुरूप नई तकनीक से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फार्मा, टेक्सटाइल, आईटी, बिजली, एल्युमिनियम और स्टील जैसे क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। नवा रायपुर में आयोजित ऑल इंडिया स्टील कॉन्क्लेव 2.0 और ग्रीन स्टील एंड माइनिंग समिट ने देश के स्टील क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को नई पहचान दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभाशाली युवाओं की शक्ति से प्रगति का नया मार्ग तैयार हो रहा है।
*छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत देश की अमूल्य धरोहर*
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रभु श्रीराम का ननिहाल और संत गुरु घासीदास जी की पावन जन्मभूमि है। यहां कबीरपंथ की समतामूलक विचारधारा की गहरी छाप है। उन्होंने पद्म विभूषण तीजन बाई की पंडवानी को छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यहां की लोककलाएं, लोकभाषाएं और जनजातीय परंपराएं देश की सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाती हैं। छत्तीसगढ़ अपनी इस गौरवशाली विरासत को संजोते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
*विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा छत्तीसगढ़*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र के समापन में छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य के प्रति विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की बड़ी भूमिका होने वाली है। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि छत्तीसगढ़ सरकार का विजन डॉक्यूमेंट ‘अंजोर विजन’, विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगी तथा प्रदेश अपनी उपलब्धियों से मां भारती और छत्तीसगढ़ महतारी का गौरव बढ़ाता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र के अंत में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित छत्तीसगढ़ के सभी परिवारजनों को राज्य स्थापना दिवस की पुनः हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
