चोपन में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा खंडित किए जाने से लोगों में आक्रोश

Spread the love

 14 अप्रैल 2025 को राज्यमंत्री संजीव गोंड़ ने किया था प्रतिमा का अनावरण,,दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की लोगों ने की मांग

सोनभद्र।  चोपन गांव की हरिजन बस्ती में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। चोपन आदर्श नगर पंचायत के विस्तारित क्षेत्र वार्ड नंबर-2 नई बस्ती आंबेडकर नगर में स्थापित इस प्रतिमा का अनावरण 14 अप्रैल 2025 को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोंड़ ने किया था। प्रतिमा के अनावरण से संबंधित शिलापट्ट पर राज्यमंत्री संजीव गोंड़ के साथ डॉ. आंबेडकर सेवा समिति के अध्यक्ष लवकुश भारती, संयोजक उस्मान अली तथा भूमिदानकर्ता रामा देवी का नाम भी अंकित है। प्रतिमा को खंडित किए जाने की घटना ने सामाजिक सौहार्द और महापुरुषों के सम्मान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रतिमा की मरम्मत कराने की मांग की है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची।

 नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग किया है। पूर्व बीडीसी सदस्य मनोज चौबे ने इस कृत्य की घोर निंदा करते हुये कहा कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही होनी चाहिए । प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर घटना करने वालों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *