दून एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक-युवती की दर्दनाक मौत, इलाके में मचा हड़कंप

Spread the love

खजूरी गांव के पास अकबरपुर-शाहगंज रेल मार्ग पर हुआ हादसा, दोनों की नहीं हो सकी शिनाख्त। 

आलापुर, अंबेडकर नगर ।( लालमणि गोंड )  मालीपुर थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास अकबरपुर- शाहगंज रेल मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दून एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से करीब 25 वर्षीय युवक और 22 वर्षीय युवती की कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। रेलवे ट्रैक पर दो शव पड़े होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी प्रयास के बावजूद देर तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को खजूरी गांव के समीप रेलवे पोल संख्या 890/11 के पास युवक और युवती के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। बताया जाता है कि दोनों दून एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही जीआरपी और मालीपुर थाने की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई।मालीपुर थानाध्यक्ष तनुज कुमार पाल ने बताया कि मृतक युवक और युवती की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतकों की पहचान कराने के लिए आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की गई और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाई जा रही हैं।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। युवक और युवती एक साथ रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसको लेकर भी सवाल उठ रहे हैं पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *