आलापुर, अम्बेडकरनगर। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में दो दिवसीय क्षेत्रीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आज संयोजक डॉ.कप्तान सिंह के नेतृत्व में स्थानीय शिक्षण संस्था गांधी स्मारक इंटर कॉलेज,राजे सुल्तानपुर में विधि विधान पूर्वक रंगारंग समारोह के साथ शुरू हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्काउट्स – गाइड्स के पूर्व जिला संगठन आयुक्त और प्रधानाचार्य प्रेमनारायण सिंह ने की जबकि नोडल अधिकारी सुश्री विद्यावती मुख्य अतिथि और विद्यालय के प्रबंधक सर्वेंद्र वीर विक्रम सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडलीय अध्यक्ष डॉ.उदयराज मिश्र,राजेश मिश्र तथा सुधीर शुक्ल ने संयुक्त रूप से की।इस अवसर पर क्षेत्र के ध्वज के आरोहण के साथ गुब्बारों को उड़ाते हुए श्वेत कपोतों को उड़ाकर पटाखों की ध्वनि के बीच कार्यक्रम की रंगारंग शुरुआत हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक सर्वेंद्र वीर विक्रम सिंह ने क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं को भविष्य की आधारशिला और सफलता का प्रथम सोपान कहा जबकि संयोजक डॉ.कप्तान सिंह ने खेलों को अनुशासन की आवश्यक कड़ी बताया। उद्घाटन सत्र में सम्पन्न हुई 200 मीटर सीनियर बालिका संवर्ग में गांधी स्मारक की सुमन गोंड प्रथम,रानी द्वितीय तथा शिवांगी तृतीय स्थान पर रहीं।जबकि 400 मीटर सीनियर बालक वर्ग की दौड़ प्रतियोगिताओं में तीनों स्थानों पर लल्लन जी ब्रह्मचारी के क्रमशः सत्यव्रत मिश्र,बृजेश मौर्य और कन्हैया यादव प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। 5000 मीटर सीनियर संवर्ग बालक वर्ग की मैराथन प्रतियोगिता में गांधी स्मारक के ऋषिराज निषाद प्रथम,चंडी प्रसाद के शिवम द्वितीय,गांधी स्मारक के निखिल तृतीय,भरतपुर के कन्हैया चतुर्थ तथा ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी के मिंटू निषाद पंचम स्थान पर रहे।
ऊँची कूद की सीनियर संवर्ग बालक वर्ग की प्रतियोगिता में राजकीय तेंदुआइकला के शिवम प्रथम,भरतपुर के शिवम द्वितीय तथा तेंदुआइकला के अनुज तृतीय रहे।इसी तरह जूनियर संवर्ग बालक वर्ग की ऊंची कूद प्रतियोगिताओं में चंडी प्रसाद के अंशुमान प्रथम, चित बहाल के संदेश द्वितीय और जवाहर नगर के आदर्श पाल तृतीय स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य कप्तान सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताएं सोमवार को भी जारी रहेंगी।
