वीजपुर। एनटीपीसी रिहंद में 16 मई से 31 मई 2026 तक मनाए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत स्वच्छता वार्ता एवं “वेस्ट टू वेल्थ” की अवधारणा को प्रोत्साहित करने हेतु एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ कचरे के प्रभावी प्रबंधन एवं उसके पुनः उपयोग को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर विख्यात पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. बी.एस. मीणा मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने व्यावहारिक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान में “वेस्ट टू वेल्थ” की आधुनिक तकनीकों, कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन तथा अपशिष्ट पदार्थों को उपयोगी संसाधनों में परिवर्तित करने के विभिन्न उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनके विचारों ने उपस्थित प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।कार्यक्रम का आयोजन चार अलग-अलग सत्रों में किया गया। छात्रों के लिए यह सत्र डीएवी विद्यालय में आयोजित किया गया, जबकि कर्मचारियों, टाउनशिप की महिलाओं एवं संविदाकर्मियों के लिए कर्मचारी विकास केंद्र में प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुए। सभी प्रतिभागियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। एनटीपीसी रिहंद द्वारा भविष्य में भी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार के जनजागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
