सोनभद्र। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत आज जनपद सोनभद्र में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, जनपद स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनमानस ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।तिरंगा यात्रा तहसील परिसर रॉबर्ट्सगंज से प्रारंभ होकर बढ़ौली चैराहा तक निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् सहित देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा। देशभक्ति गीतों और राष्ट्र प्रेम से ओत-प्रोत नारों ने पूरे वातावरण को जोश एवं उत्साह से भर दिया।
तिरंगा यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय तथा अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं एवं आमजन के साथ हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में प्रतिभाग किया और नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना से जुड़ने का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र को भी तिरंगे के रंग में सजाया गया, जिससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा सजावट और यात्रा में लहराते राष्ट्रीय ध्वज ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।तिरंगा यात्रा ने जनपद में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव के माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। चारों ओर लहराते तिरंगे, देशभक्ति के गीत और भारत माता के जयघोष से राबर्ट्सगंज नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
हर घर तिरंगा अभियान : सीडीओ सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों ने तिरंगा यात्रा में किया प्रतिभाग
