चंदौली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्तूबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे। सुबह 10 से शाम चार बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। दोनों विशेष शिविरों में प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी, जहां फार्म 6 भरने और पंजीकरण की प्रक्रिया में लोगों की मदद की जाएगी। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो और जन्मतिथि व पते से संबंधित जरूरी दस्तावेज देने होंगे।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शिविरों की निगरानी करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। नाम दर्ज नहीं होने पर पात्रता के अनुसार फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें।
