औरैया । एनटीपीसी औरैया परियोजना में 07 नवम्बर, 2025 को एनटीपीसी का 51वाँ स्थापना दिवस समारोह उत्साह एवं उमंग के साथ अत्यंत भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक भवन परिसर में परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा द्वारा एनटीपीसी ध्वज का विधिवत ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत एनटीपीसी गीत का सामूहिक गायन, गार्ड ऑफ ऑनर की प्रस्तुति तथा सीआईएसएफ टुकड़ी का निरीक्षण सुसंपन्न हुआ, जिसने कार्यक्रम के माहौल में विशिष्ट गरिमा एवं अनुशासन की सुगंध भर दी।
सभा को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख शुभाशीष गुहा ने एनटीपीसी की 50 वर्षों से अधिक की उज्ज्वल, गौरवपूर्ण एवं उपलब्धियों से परिपूर्ण विकास यात्रा का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि
“एनटीपीसी की यात्रा उत्कृष्टता, नवाचार, गुणवत्ता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति हमारे अविचलित संकल्प की प्रेरणादायी गाथा है। चुनौतियाँ स्वीकार करना एनटीपीसी की परंपरा है, और इसी अटूट मनोभाव के साथ संगठन निरंतर देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”
समारोह का मुख्य आकर्षण केक कटिंग समारोह रहा, जिसमें परियोजना प्रमुख शुभाशीष गुहा ने अपर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) मनोज आनंद, अपर महाप्रबंधक (टी.एस.) अजय अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार गुप्ता, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तन्मय दत्ता, सीआईएसएफ यूनिट के डिप्टी कमांडेंट, विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों, यूनियन एवं एसोसिएशन प्रतिनिधियों, जागृति महिला मंडल की समिति-सदस्याओं तथा कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति में केक काटकर एनटीपीसी के 51वेँ स्थापना दिवस का उल्लास साझा किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली से एनटीपीसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे एनटीपीसी औरैया के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साह एवं मनोयोग से देखा। यह संबोधन संगठन की भविष्यदृष्टि, उपलब्धियों तथा आगामी लक्ष्यों के प्रति प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान करने वाला रहा। समारोह के सफल आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि एनटीपीसी औरैया अपनी उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के बल पर संगठन की प्रगति में सशक्त योगदान देता रहेगा।
